विधायक ललित चंद्राकर ने हरी झंडी दिखाकर नए एंबुलेंस वाहनों को किया रवाना, अंडा-निकुम-अंजोरा CHC को मिलेगा लाभ

दुर्ग। जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री ललित चंद्राकर के प्रयासों से अंडा, निकुम और अंजोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को 108 एम्बुलेंस की सुविधा मिल गई है।

शासकीय जिला अस्पताल, दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में विधायक चंद्राकर ने 108 संजीवनी एक्सप्रेस के नए एम्बुलेंस वाहनों का विधिवत पूजन-अर्चन किया और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन नए वाहनों के मिलने से अब इन क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं अधिक तेज और प्रभावी होंगी। लंबे समय से पुराने वाहनों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसे अब काफी हद तक दूर किया जा सकेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उप-स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक सुविधाओं के विस्तार से अब लोगों को छोटे इलाज के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य है कि शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध हो। 108 सेवा का यह विस्तार इसी दिशा में एक अहम पहल है, जिससे जरूरतमंदों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
विधायक ने यह भी कहा कि आयुष्मान कार्ड से उपचार से जुड़ी समस्याओं का निराकरण किया गया है, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं हर व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास जारी है। इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति प्रिया साहू, सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी, सिविल सर्जन अशीशन मिंज सहित जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
