नाबालिग से दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म मामला: 7 आरोपी गिरफ्तार, दो ने कोर्ट में किया सरेंडर

नाबालिग से दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म मामला: 7 आरोपी गिरफ्तार, दो ने कोर्ट में किया सरेंडर
आरोपी संजय पंडित और वी एन पांडेय

आरोपी अमित कुमार 

भिलाई। दुर्ग जिले में नाबालिग पीड़िता से दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस कार्रवाई लगातार जारी है। महिला थाना दुर्ग में दर्ज इस प्रकरण में अब तक कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

मामला 30 जनवरी 2026 को सामने आया, जब पीड़िता ने अपनी माता के साथ महिला थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। शिकायत के अनुसार अप्रैल 2018 से अक्टूबर 2025 के बीच, पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद अलग-अलग आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं कीं।

प्राप्त आवेदन के आधार पर अपराध क्रमांक 10/2026 दर्ज किया गया। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(n) और 376(DA), पॉक्सो एक्ट की धारा 6 और 12 तथा एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पहले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस की लगातार दबिश और दबाव के चलते फरार आरोपी संजय पंडित और बीएन पांडेय ने 13 फरवरी 2026 को न्यायालय में समर्पण कर दिया। दोनों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।


विवेचना में यह भी सामने आया कि आरोपी अमित वर्मा ने अपना पहचान पत्र उपलब्ध कराकर अपने नाम से एक कक्ष बुक कराया था, जिससे मुख्य आरोपी को अपराध करने में सहयोग मिला। इस आधार पर अमित वर्मा को 12 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

अब तक गिरफ्तार आरोपियों में विजय स्वाइन, अनिल चौधरी, गोविंद सिंह नागवंशी, कृपा शंकर उर्फ राजू कश्यप, अमित वर्मा, संजय पंडित और बी.एन. पांडेय शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। घटनास्थल विभिन्न स्थानों को बताया गया है, जिनकी जांच अभी चल रही है।