दुर्ग में 24 घंटे के भीतर दो आगजनी की घटनाएं, डंपयार्ड और ट्रक में लगी आग पर फायर टीम ने पाया काबू

दुर्ग में 24 घंटे के भीतर दो आगजनी की घटनाएं, डंपयार्ड और ट्रक में लगी आग पर फायर टीम ने पाया काबू

भिलाई। दुर्ग जिले में शुक्रवार को आगजनी की दो अलग–अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि अग्निशमन विभाग की तत्परता से दोनों ही स्थानों पर समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।

पहली घटना 13 फरवरी 2026 की तड़के लगभग 3:30 बजे की है। आग सुराना कॉलेज के सामने स्थित निगम के कचरा डंपयार्ड में लगी। सूचना मिलते ही दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। धन्नु यादव और भगवती बंजारे के नेतृत्व में टीम ने करीब सात पानी टैंकर की मदद से आग पर नियंत्रण पाया। कचरे में लगी आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया।

उसी दिन शाम लगभग 4:50 बजे दूसरी बड़ी घटना सामने आई। इंडस्ट्रियल एरिया शिवम हाईटेक, थाना जामुल क्षेत्र में एक ट्रक में आग लग गई। सूचना पर महेंद्र चंदेल और उनकी टीम मौके पर पहुंची। करीब दो पानी गाड़ियों की मदद से आग को काबू में किया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

दोनों ही मामलों में जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में रेस्क्यू और नियंत्रण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

आपात स्थिति में अग्निशमन कार्यालय दुर्ग के नंबर 0788-2320120, 2320121, 2322571 और 112 पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है।