डीएसपी कल्पना वर्मा सस्पेंड: कारोबारी से 2.5 करोड़ की वसूली और नक्सली इनपुट लीक के आरोप

डीएसपी कल्पना वर्मा सस्पेंड: कारोबारी से 2.5 करोड़ की वसूली और नक्सली इनपुट लीक के आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने डीएसपी कल्पना वर्मा को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कारोबारी दीपक टंडन की शिकायत के बाद की गई है। प्राथमिक जांच में आरोप गंभीर पाए जाने के बाद सरकार ने सस्पेंशन का आदेश जारी किया। शिकायत में कारोबारी दीपक टंडन ने आरोप लगाया था कि डीएसपी कल्पना वर्मा ने उन्हें प्रेम संबंध में फंसाकर करीब 2.5 करोड़ रुपये की वसूली की। साथ ही पुलिस विभाग से जुड़ी गोपनीय और नक्सल गतिविधियों से संबंधित जानकारियां साझा की गईं।

निलंबन अवधि के दौरान डीएसपी कल्पना वर्मा का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय या शासन द्वारा तय स्थान रहेगा। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। मामले की जांच एएसपी कीर्तन राठौर के नेतृत्व में की गई। 30 दिन चली जांच के बाद करीब 1,400 पन्नों की रिपोर्ट गृह विभाग को सौंपी गई थी। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि डीएसपी ने कारोबारी से बड़ी रकम, लग्जरी कार, डायमंड रिंग, सोने के गहने और अन्य महंगे गिफ्ट लिए। जांच रिपोर्ट में डीएसपी कल्पना वर्मा और कारोबारी दीपक टंडन के बीच हुई व्हाट्सऐप चैट का भी जिक्र है। इन चैट्स में नक्सली गतिविधियों, सुरक्षा बलों की तैनाती और ऑपरेशन से जुड़े इनपुट साझा किए जाने के संकेत मिले हैं।

कारोबारी दीपक टंडन का आरोप है कि 2021 से कथित तौर पर ‘लव ट्रैप’ के जरिए उससे करीब 2 करोड़ रुपये नकद, एक लग्जरी कार, 12 लाख की डायमंड रिंग, 5 लाख रुपये के सोने के गहने और अन्य महंगे उपहार लिए गए। टंडन का यह भी कहना है कि शिकायत के बावजूद कार और गहने अब तक वापस नहीं मिले हैं। उन्होंने कई बार डीएसपी से सामान लौटाने की मांग की, लेकिन इनकार कर दिया गया। कारोबारी का दावा है कि इस पूरे मामले में उसे करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा शिकायत में यह आरोप भी लगाया गया है कि डीएसपी कल्पना वर्मा ने अपने भाई के नाम पर होटल खोलने के बहाने भी कारोबारी से पैसे लिए। कारोबारी ने इस पहलू की अलग से विस्तृत जांच की मांग की है।