एक्टिवा में बैठने से मना किया तो युवक पर जानलेवा हमला, धारदार हथियार और एक्टिवा जब्त

एक्टिवा में बैठने से मना किया तो युवक पर जानलेवा हमला, धारदार हथियार और एक्टिवा जब्त

दुर्ग। जिले के डिपरा पारा इलाके में हत्या करने की नीयत से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार हथियार और एक एक्टिवा वाहन भी जब्त किया है।

मंदिर के पास खड़े युवक पर किया हमला

पुलिस के अनुसार 04 फरवरी 2026 को सुबह करीब 09:15 बजे प्रार्थी संजय गुप्ता (23 वर्ष), निवासी डिपरा पारा ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि वह दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर के पास खड़ा था, तभी आरोपी सौरभ यादव उर्फ गोगो वहां पहुंचा और उसे अपनी एक्टिवा में बैठने के लिए कहा।

मना करने पर जान से मारने की धमकी, सीने और हाथ पर वार

प्रार्थी द्वारा बैठने से मना करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और जेब से धारदार हथियार निकालकर सीने एवं बाएं हाथ पर हमला कर दिया। इस हमले में युवक को गंभीर चोटें आईं। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया।

आरोपी गिरफ्तार, हथियार और वाहन जब्त

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान लिए और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को 04.02.2026 को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने प्रकरण में प्रयुक्त धारदार हथियार और एक्टिवा वाहन को भी जब्त किया।

आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।