दुर्ग जिले में नाबालिग से 7 साल तक दुष्कर्म-सामूहिक दुष्कर्म, भिलाई से 2 गिरफ्तार, बाकी 4 की तलाश जारी

दुर्ग। महिला थाना दुर्ग में नाबालिग पीड़िता के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म एवं सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता की लिखित रिपोर्ट पर BNS और POCSO Act के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 जनवरी 2026 को पीड़िता अपनी माता के साथ महिला थाना पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। आवेदन में बताया गया कि अप्रैल 2018 से अक्टूबर 2025 की अवधि के दौरान पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी होते हुए भी कुल 06 आरोपियों द्वारा उसके साथ दुष्कर्म एवं सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं की गईं।

प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर महिला थाना दुर्ग में अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 65(1), 70(2) BNS एवं POCSO Act की धारा 6, 12 के तहत मामला कायम कर विवेचना में लिया गया है। विवेचना के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में विजय स्वाइन (उम्र 37 वर्ष), निवासी दुर्गा नगर पश्चिम, भिलाई एवं अनिल चौधरी (उम्र 60 वर्ष), निवासी ज़ोन-1 खुर्सीपार शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच संवेदनशीलता के साथ की जा रही है। शेष आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
