भिलाई बोरीकांड, बोरे में मिली महिला की लाश की हुई शिनाख्ती, जल्द बेनकाब होंगे हत्यारे


भिलाई। चंद्रा-मौर्या अंडरब्रिज के पास बोरे में मिली महिला की सड़ी-गली लाश की गुत्थी सुलझने की ओर बढ़ गई है। सुपेला थाना पुलिस ने महिला की शिनाख्त कर ली है। पुलिस के अनुसार मृत महिला कोसानाला सतनामी पारा निवासी आरती निर्मलकार के रूप में हुई है। महिला के हाथ पर गोदना से लिखे नामों को सार्वजनिक किया गया था। इसके बाद महिला का लिव इन पार्टनर थाने पहुंचा और उसने पहचान की। बाद में महिला के मायके पक्ष के परिजनों ने भी शिनाख्त की पुष्टि की।

पुलिस ने हत्या के मामले में तीन संदेहियों को हिरासत में लिया है। परिजनों के बयान और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। बताया जा रहा है कि महिला 4 दिसंबर को एक कार्यक्रम में अपने लिव इन पार्टनर के साथ आखिरी बार देखी गई थी। इसके बाद न तो वह किसी के संपर्क में आई और न ही उसकी कोई जानकारी मिल सकी।

गौरतलब है कि 12 दिसंबर की सुबह चंद्रा–मौर्या अंडरब्रिज के पास नाली में बोरे के अंदर महिला का शव मिला था। शव काफी सड़ चुका था। महिला के हाथ में गोदना से लखन, सुरेश, महादेव और आरती नाम लिखा हुआ था। इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए दुर्ग पुलिस ने रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर समेत एक दर्जन से अधिक जिलों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली। जिले के विभिन्न स्पा सेंटर्स में काम करने वाली महिलाओं की जानकारी भी जुटाई गई। आखिरकार हाथ में बने गोदना के नाम ही महिला की पहचान का आधार बने। सुपेला पुलिस का कहना है कि पूछताछ जारी है और जल्द ही हत्या के आरोपी बेनकाब किए जाएंगे।


