लिफ्ट में डेढ़ घंटे तक फंसे रहे 8 लोग, मची अफरातफरी

लिफ्ट में डेढ़ घंटे तक फंसे रहे 8 लोग, मची अफरातफरी

बिलासपुर। रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित विशाल मेगा मार्ट में शॉपिंग करने आए 8 लोग लिफ्ट में फंस गए। लोग करीब 1 घंटे 30 मिनट तक अंदर फंसे रहे। इससे लोगों में घबराहट और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लिफ्ट में चार महिलाएं, एक बच्चा और तीन पुरुष सवार थे, जो थर्ड फ्लोर से ग्राउंड फ्लोर की ओर जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर शॉपिंग कर लिफ्ट के जरिए नीचे उतर रहे थे कि तभी अचानक लिफ्ट बीच में फंस गई और उसके दरवाजे स्वत: बंद हो गए। लिफ्ट के रुकते ही अंदर मौजूद लोगों को कुछ समझ नहीं आया। पहले उन्होंने इमरजेंसी बटन दबाया, लेकिन जब बाहर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। बच्चे और महिलाएं बुरी तरह डर गईं और मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर विशाल मेगा मार्ट के कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों को लिफ्ट में फंसे लोगों की मदद के लिए दौड़ पड़े। तत्काल एक तकनीकी टीम को बुलाया गया। मौके पर मौजूद टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद लिफ्ट का दरवाजा किसी तरह खोला और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सिविल लाइन थाना पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई है। हालांकि अभी तक इस मामले में किसी प्रकार की आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि अगर कोई शिकायत आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।