पूर्व सैनिकों के लिए सहायक श्रेणी-3 के 3 पदों पर भर्ती
12 अक्टूबर तक जमा होंगे आवेदन, 52 वर्ष तक के पात्र लिपिकीय वर्ग के भूतपूर्व सैनिक कर सकेंगे आवेदन

दुर्ग। छत्तीसगढ़ शासन के संचालनालय सैनिक कल्याण विभाग के अंतर्गत जिला सैनिक कल्याण कार्यालयों में सहायक श्रेणी-3 के तीन पदों पर भूतपूर्व सैनिकों की भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए राज्य के पात्र लिपिकीय वर्ग के भूतपूर्व सैनिकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार भर्ती प्रक्रिया छत्तीसगढ़ सैनिक कल्याण संचालनालय तृतीय श्रेणी (अराजपत्रित) भर्ती नियम, 2024 के तहत होगी। इच्छुक अभ्यर्थी अपने नजदीकी जिला सैनिक कल्याण कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन भरकर संबंधित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में 12 अक्टूबर 2026 तक जमा करना होगा।
क्या है शैक्षणिक योग्यता
सहायक श्रेणी-3 पद के लिए अभ्यर्थी का छत्तीसगढ़ के सैन्य सेवा वर्ग का लिपिकीय श्रेणी का भूतपूर्व सैनिक होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी ने राज्य या केंद्र शासन से मान्यता प्राप्त मंडल से हायर सेकेंडरी (10+2) परीक्षा उत्तीर्ण की हो। इसके विकल्प के रूप में पुरानी हायर सेकेंडरी परीक्षा के साथ किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक स्तर के प्रथम वर्ष की परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्था से डाटा एंट्री ऑपरेटर या प्रोग्रामिंग में एक वर्षीय डिप्लोमा अथवा प्रमाण पत्र होना भी जरूरी है।
आयु और मेडिकल पात्रता
आवेदक की आयु 52 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा अभ्यर्थी का चिकित्सा वर्ग SHAPE-1 होना अनिवार्य है। इच्छुक भूतपूर्व सैनिक आवेदन जमा करने से पहले संबंधित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय से भर्ती की शर्तों और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
