रास्ता रोककर शराब के लिए मांगे रुपये, मना करने पर राहगीर से मारपीट कर पैसे छीने
बजरंग चौक खुर्सीपार की घटना, पुलिस ने फरार आरोपी विजय चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेजा

भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के बजरंग चौक के पास राहगीर का रास्ता रोककर शराब पीने के लिए रुपये मांगने और पैसे देने से इनकार करने पर मारपीट कर रुपये छीनने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना 24 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे की है। खुर्सीपार निवासी वैभव प्रसाद बजरंग चौक के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान एक युवक ने उसका रास्ता रोककर शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और जेब में रखे रुपये छीनकर मौके से फरार हो गया।
घटना की शिकायत मिलने पर खुर्सीपार थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 439/2026 दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ संभावित ठिकानों पर लगातार पतासाजी की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने विजय चौधरी (21) निवासी रामचंद्र होटल के पास, खुर्सीपार को 29 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड मिलने पर उसे जेल भेज दिया गया।
