नान के जिला प्रबंधक 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

11 लाख रुपये के परिवहन बिल को पास करने के बदले 2 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप, ACB ने कलेक्टोरेट परिसर में की ट्रैप कार्रवाई

नान के जिला प्रबंधक 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

बलरामपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक विद्या सागर गोपाल को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। अंबिकापुर से पहुंची ACB की टीम ने कलेक्टोरेट परिसर स्थित कम्पोजिट बिल्डिंग में ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई एक ट्रांसपोर्टर की शिकायत के आधार पर की गई।

ACB के अनुसार अंबिकापुर निवासी ट्रांसपोर्टर शिवराज सिंह ने शिकायत की थी कि करीब 11 लाख रुपये के परिवहन बिल को पास करने के एवज में 2 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद ACB ने पहले आरोपों का सत्यापन कराया। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। ACB टीआई शरद सिंह के नेतृत्व में टीम ने कलेक्टोरेट की कम्पोजिट बिल्डिंग में कार्रवाई की। बताया गया कि 11 लाख रुपये के परिवहन बिल पर 2 प्रतिशत के हिसाब से 22 हजार रुपये की रिश्वत की रकम ली जा रही थी। इसी दौरान ACB की टीम ने जिला प्रबंधक को पकड़ लिया। अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद ACB टीम रिश्वत से जुड़े दस्तावेज और पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।