दुर्गा पंडाल के पास विवाद के बाद युवक पर चढ़ाया पिकअप, मौत; चार आरोपी गिरफ्तार
जन्मदिन मनाने पहुंचे अंकित का गोपी से हुआ था विवाद, घटना में इस्तेमाल पिकअप CG 07 DC 6706 जब्त

भिलाई, 27 सितंबर। जामुल थाना क्षेत्र के ढांचा भवन स्थित दुर्गा पंडाल के पास विवाद के बाद एक युवक को पिकअप वाहन से कुचलने का मामला सामने आया है। घटना में गंभीर रूप से घायल अंकित सिंह की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में जामुल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 25 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे अंकित सिंह अपने जन्मदिन के अवसर पर साथियों के साथ ढांचा भवन स्थित दुर्गा पंडाल के पास था। इसी दौरान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी अपने साथियों के साथ पिकअप वाहन से वहां पहुंचा। अंकित और गोपी के बीच बातचीत को लेकर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान गोपी ने अंकित के साथ गाली-गलौज की और इसके बाद पिकअप वाहन को तेज एवं खतरनाक तरीके से चलाते हुए अंकित को टक्कर मार दी तथा वाहन उसके ऊपर चढ़ा दिया। घटना के बाद आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल अंकित को उसके साथियों ने उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद अंकित के पिता नारायण सिंह, निवासी कैलाश नगर की रिपोर्ट पर जामुल पुलिस ने अपराध क्रमांक 715/2026 दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में घेराबंदी कर चार लोगों को पकड़ा। पूछताछ और विवेचना के दौरान घटना में उनकी संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (23), गुरप्रीत सिंह उर्फ गगन (24), मिलिंद साहू (21) और शुभम शर्मा (21) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 DC 6706 भी जब्त किया है। चारों आरोपियों को 27 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
मामले में धारा 105, 110, 103(1), 3(5) बीएनएस एवं धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
