BSP में कॉपर केबल चोरी का प्रयास, CISF ने पकड़ा; 20 किलो केबल के साथ आरोपी गिरफ्तार

BSP में कॉपर केबल चोरी का प्रयास, CISF ने पकड़ा; 20 किलो केबल के साथ आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के भीतर प्रवेश कर स्क्रैब कॉपर केबल चोरी कर बाहर ले जाने का प्रयास कर रहे एक आरोपी को CISF ने पकड़ लिया। आरोपी मोटरसाइकिल में करीब 20 किलो कॉपर केबल छिपाकर ले जा रहा था। सूचना मिलने पर भिलाई भट्ठी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की केबल, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 27 हजार रुपये बताई गई है।


पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को आरोपी भिलाई स्टील प्लांट के अंदर पहुंचा था। उसने 20 किलो स्क्रैब कॉपर केबल को मोटरसाइकिल में छिपाया और उसे संयंत्र परिसर से बाहर ले जाने का प्रयास किया। इसी दौरान CISF की नजर उस पर पड़ गई और उसे पकड़ लिया गया।
11 सितंबर को CISF की ओर से भिलाई भट्ठी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की। आरोपी की निशानदेही और उसके कब्जे से 20 किलो स्क्रैब कॉपर केबल बरामद की गई। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल HF Deluxe मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान निर्मल कुमार (44), निवासी स्कूल पारा सकरौद, थाना रनचिराई, जिला बालोद के रूप में की है। पुलिस ने उसे 11 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने संयंत्र परिसर में प्रवेश कर स्क्रैब कॉपर केबल को मोटरसाइकिल में छिपाकर बाहर ले जाने की योजना बनाई थी। इस कार्रवाई में भिलाई भट्ठी थाना प्रभारी सउनि भारत सिंह चौधरी और प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।