चॉइस सेंटर के हिसाब-किताब को लेकर भाइयों में विवाद, छोटे भाई की कुल्हाड़ी मारकर हत्या

साईनगर बघेरा में वारदात से सनसनी, सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को हिरासत में लिया

चॉइस सेंटर के हिसाब-किताब को लेकर भाइयों में विवाद, छोटे भाई की कुल्हाड़ी मारकर हत्या
आरोपी

दुर्ग। साईनगर बघेरा में चॉइस सेंटर के हिसाब-किताब को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक भाई ने अपने छोटे भाई के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से छोटे भाई की मौत हो गई। घटना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी भाई देवेन्द्र देवांगन को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार साईनगर बघेरा निवासी थान सिंह देवांगन की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 442/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्रकरण में आरोपी देवेन्द्र देवांगन और मृतक कैलाश देवांगन सगे भाई थे। दोनों भाई चॉइस सेंटर का संचालन करते थे। पुलिस के मुताबिक पुराने चॉइस सेंटर के अधिक चलने को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।

इसी विवाद के चलते दोनों भाइयों के बीच हिसाब-किताब को लेकर फिर से कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी देवेन्द्र देवांगन ने अपने छोटे भाई कैलाश देवांगन के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण कैलाश की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी देवेन्द्र देवांगन को हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।