ज्ञान की कसौटी पर परखी विद्यार्थियों की प्रतिभा, अंतरविद्यालयीन क्विज में दिखा उत्साह

10 स्कूलों के 20 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, इतिहास, विज्ञान, खेल और समसामयिक विषयों पर हुए सवाल

ज्ञान की कसौटी पर परखी विद्यार्थियों की प्रतिभा, अंतरविद्यालयीन क्विज में दिखा उत्साह

भिलाई। विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और उनकी बौद्धिक एवं तार्किक क्षमता को विकसित करने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रूआबांधा में शनिवार को अंतरविद्यालयीन सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सामाजिक संस्था ‘दिशा’ के सहयोग से विद्यालय के ग्रंथालय विभाग द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में 10 शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के 20 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में इतिहास, भूगोल, विज्ञान, भारतीय संविधान, खेल, संस्कृति और समसामयिक घटनाओं से जुड़े प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ सवालों के जवाब दिए। कई दौर में प्रतिभागियों के बीच कड़ी और रोचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। प्रश्नों के सही उत्तर देने के लिए विद्यार्थियों ने अपनी सामान्य जानकारी और तार्किक क्षमता का बेहतर प्रदर्शन किया।

ज्ञान के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने पर जोर

विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती दीप्ति गुप्ता ने कहा कि पढ़ाई के साथ इस तरह की ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। क्विज जैसे आयोजनों से विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत, जिज्ञासा, तार्किक सोच और आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से अध्ययन करने और पाठ्यक्रम से बाहर की जानकारी हासिल करने के लिए भी प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में ग्रंथपाल विक्रम सिंह के साथ शिक्षिकाओं जया कोलते, शशि किरण बघेल एवं कल्पना डहाके का विशेष योगदान रहा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को संस्था ‘दिशा’ की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

‘दिशा’ के सदस्यों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह

कार्यक्रम में संस्था ‘दिशा’ की ओर से राजेश धारकर, जी.एस. संधू, प्रदीप दास, शांतनु दासगुप्ता, अंजन रायचौधरी, एलिस, शिउली दास एवं श्रीमती लक्ष्मी उपस्थित रहे।

समापन अवसर पर संस्था ‘दिशा’ की ओर से शांतनु दासगुप्ता ने प्राचार्या श्रीमती दीप्ति गुप्ता, ग्रंथपाल विक्रम सिंह, सहयोगी शिक्षकों और विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान के प्रति अपनी जिज्ञासा बनाए रखने और लगातार अध्ययन करते रहने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के लिए इस तरह के शैक्षणिक आयोजन करने पर संस्था ‘दिशा’ के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने की अपेक्षा जताई।