ऑटो चालकों का होगा बारकोड आधारित सत्यापन, यातायात पुलिस ने जारी किए नए निर्देश

भिलाई। दुर्ग जिले में ऑटो चालकों की पहचान और यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए यातायात पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। आने वाले दिनों में जिले के सभी ऑटो चालकों का बारकोड आधारित सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। सत्यापन के बाद प्रत्येक ऑटो चालक का अद्यतन रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, जिससे जरूरत पड़ने पर चालक की पहचान आसानी से की जा सकेगी।
इस संबंध में शुक्रवार को नेहरू नगर स्थित यातायात पुलिस मुख्यालय में जिले के ऑटो चालकों और ऑटो संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाना तथा ऑटो चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।
बैठक में यातायात पुलिस अधिकारियों ने सभी चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे निर्धारित यूनिफॉर्म पहनकर ही ऑटो का संचालन करें। साथ ही मुख्य सड़क, चौराहों या यातायात बाधित करने वाले स्थानों पर ऑटो खड़ा करने से बचें और केवल अधिकृत ऑटो स्टैंड पर ही वाहन खड़ा करें।

पुलिस ने यह भी निर्देश दिया कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाले किसी भी व्यक्ति को ऑटो चलाने के लिए वाहन न दिया जाए। यदि कोई चालक शराब या अन्य नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यात्रियों के साथ शालीन और सम्मानजनक व्यवहार करने, क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यात्रियों का भरोसा भी बढ़ेगा।
यातायात पुलिस ने बताया कि बारकोड आधारित सत्यापन अभियान का उद्देश्य ऑटो चालकों का सत्यापन कर उनका डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना है। इससे किसी शिकायत या आपात स्थिति में संबंधित चालक की पहचान तत्काल की जा सकेगी और यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत बनाया जा सकेगा।
यातायात पुलिस दुर्ग ने सभी ऑटो चालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सक्रिय सहयोग दें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
