10 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा, ठगी के 13 म्यूल अकाउंट धारक गिरफ्तार

दुर्ग। साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे 13 म्यूल बैंक खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। थाना सुपेला, थाना खुर्सीपार और एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की संयुक्त कार्रवाई में ऐसे लोगों को पकड़ा गया, जो कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और मोबाइल सिम साइबर ठगों को उपलब्ध करा रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ₹2,000 से ₹15,000 तक के कमीशन के बदले अपने बैंक खाते और बैंकिंग दस्तावेज साइबर अपराधियों या उनके एजेंटों को सौंप देते थे। इन खातों का उपयोग ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर वास्तविक अपराधियों की पहचान छिपाने के लिए किया जाता था।
तकनीकी जांच, बैंक खातों के विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये के संदिग्ध साइबर ट्रांजेक्शन का पता लगाया। इसके बाद 6 अगस्त 2026 को कार्रवाई करते हुए थाना सुपेला क्षेत्र के 9 और थाना खुर्सीपार क्षेत्र के 4 खाताधारकों को गिरफ्तार किया गया।
मामले में थाना सुपेला के अपराध क्रमांक 679/2026 और थाना खुर्सीपार के अपराध क्रमांक 272/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2), 318(3) और 318(4) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में भिलाई और दुर्ग के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि ये लोग साइबर अपराधियों को अपने बैंक खाते और उनसे जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराकर अवैध लेनदेन में सहयोग कर रहे थे। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और साइबर ठगी की कुल राशि कितनी है।
आरोपी का नाम :
1. डी. श्रीनिवास राव, उम्र 32 वर्ष, निवासी सेक्टर-02, सड़क-15, क्वार्टर नं. 10/B, भिलाई।
2. मनीष सिंह मट्टू, उम्र 36 वर्ष, निवासी सेक्टर-02, एवेन्यू-B, क्वार्टर नं. 13/A, भिलाई।
3. जितेन्द्र साहू, उम्र 37 वर्ष, निवासी करहीडीह, दुर्ग।
4. यश यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी गिरधारी नगर, दुर्ग।
5. मयंक पटेल, उम्र 25 वर्ष, निवासी शंकर नगर, दुर्ग।
6. रोशन सारथी, उम्र 24 वर्ष, निवासी बजरंग नगर, दुर्ग।
7. तुषार कसरे, उम्र 22 वर्ष, निवासी शंकर नगर, दुर्ग।
8. प्रवीण कुमार, उम्र 21 वर्ष, निवासी समोदा, जेवरा सिरसा।
9. प्रवीण कुशवाहा, उम्र 25 वर्ष, निवासी शंकर नगर, वार्ड क्रमांक-10।
10. अजय बंसोड़, उम्र 44 वर्ष, निवासी बीड़ी कॉलोनी, उरला।
11. संगीत साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी शंकर नगर, हरना बांधा, दुर्ग।
12. उभय यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी नेहरू भवन के पीछे, सुपेला।
13. डीलेश मरकाम, निवासी सिकोला बस्ती, दुर्ग।
