दो महीने बंद रहेगा अंडर ब्रिज, 1 जुलाई से लागू होगी नई यातायात व्यवस्था

रेलवे के मरम्मत कार्य के चलते 31 अगस्त तक आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित, यातायात पुलिस ने तय किए वैकल्पिक मार्ग

दो महीने बंद रहेगा अंडर ब्रिज, 1 जुलाई से लागू होगी नई यातायात व्यवस्था

दुर्ग। रेलवे विभाग द्वारा सिरसा गेट अंडर ब्रिज में मरम्मत एवं सुधार कार्य किए जाने के कारण 1 जुलाई 2026 से 31 अगस्त 2026 तक अंडर ब्रिज को पूरी तरह बंद रखा जाएगा। इस दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग ने वैकल्पिक मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

यातायात पुलिस अधिकारियों ने रविवार को सिरसा गेट अंडर ब्रिज और उसके आसपास के मार्गों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य शुरू होने पर अंडर ब्रिज के दोनों ओर यातायात रोकने, बैरिकेडिंग लगाने तथा ट्रैफिक स्टॉपर स्थापित करने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए छोटे एवं भारी वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।

छोटे वाहनों जैसे मोटरसाइकिल, कार और अन्य हल्के वाहनों के लिए चरोदा एच केबिन से जी केबिन अंडर ब्रिज होते हुए सिरसा कला ग्राम का मार्ग निर्धारित किया गया है। इसके अलावा रॉयल खालसा तिराहा, देवभोग, उरला अंडर ब्रिज और देवबलौदा मार्ग का उपयोग भी किया जा सकेगा। कुम्हारी बीएमसी मिल से ग्राम कुगदा अंडर ब्रिज मार्ग को भी वैकल्पिक मार्ग के रूप में चिन्हित किया गया है।

भारी वाहनों के लिए कुम्हारी से कांजी हाउस, मोतीपुर और आवरी ग्राम होते हुए सिरसा कला तक पहुंचने का वैकल्पिक मार्ग तय किया गया है। यातायात पुलिस का कहना है कि इस अवधि में सभी वाहन चालक निर्धारित मार्गों का उपयोग करें ताकि किसी प्रकार की यातायात अव्यवस्था या जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

यातायात पुलिस दुर्ग ने नागरिकों से अपील की है कि वे 1 जुलाई से 31 अगस्त तक सिरसा गेट अंडर ब्रिज मार्ग का उपयोग न करें, वैकल्पिक मार्गों का पालन करें तथा यातायात संकेतकों और पुलिस अधिकारियों के निर्देशों का पूरी तरह पालन कर सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।