गांजा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

गांजा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर कुछ लोग अवैध गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शिवनाथ नदी रोड मुक्तिधाम, सारथी पारा स्थित सुलभ शौचालय के पास तथा दाई-दीदी भवन के पास घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम चन्दू देवांगन (32 वर्ष), महेश सारथी (56 वर्ष) और मनीषा सारथी उर्फ बिन्नी (26 वर्ष) बताए। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जप्त कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) एवं 27(क) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। बाद में सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।