दुर्ग पुलिस की कार्रवाई: 305 पौवा अंग्रेजी शराब के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस की कार्रवाई: 305 पौवा अंग्रेजी शराब के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नंदिनी नगर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 305 पौवा अंग्रेजी शराब के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त दो वाहनों को भी जब्त किया है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 1 लाख 86 हजार 600 रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार 16 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध रूप से शराब का परिवहन कर बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर अहिवारा बायपास स्थित ग्राम संडी मोड़ मेन रोड पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार ताम्रध्वज ध्रुव (19 वर्ष) निवासी ग्राम पिरदा, भिंभौरी जिला बेमेतरा तथा जावेद टंडन (24 वर्ष) निवासी ग्राम डूमर, थाना नंदिनी नगर को पकड़ा। तलाशी में उनके कब्जे से 255 पौवा अंग्रेजी शराब बरामद की गई। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 193/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया गया। इसी दौरान मिली एक अन्य सूचना पर पुलिस ने राजकुमार बंजारे (40 वर्ष) निवासी ग्राम मलपुरीखुर्द, थाना नंदिनी नगर को जुपीटर स्कूटी सहित गिरफ्तार किया। उसके पास से 50 पौवा अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 194/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में प्रकरण दर्ज किया गया।

पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 305 पौवा अंग्रेजी शराब, एक मोटरसाइकिल और एक जुपीटर स्कूटी जब्त की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध लाभ कमाने की नीयत से शराब का अवैध परिवहन और बिक्री कर रहे थे। नंदिनी नगर पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।