टोल प्लाजा के पास वाहन खड़ा करने के विवाद में ट्रक चालक की मौत, हाईवा चालक गिरफ्तार
कुम्हारी में मारपीट के बाद बिगड़ी तबीयत, अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

दुर्ग। कुम्हारी थाना क्षेत्र में वाहन खड़ा करने के विवाद ने एक ट्रक चालक की जान ले ली। टोल प्लाजा कुम्हारी के पास हुए विवाद के दौरान हाईवा चालक द्वारा की गई मारपीट के बाद ट्रक चालक की तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी हाईवा चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 10 जून 2026 को ट्रक क्रमांक HR 38 Z 3022 का चालक कटिंग से यूटर्न लेते हुए दुर्ग-रायपुर मार्ग पर वाहन खड़ा किए हुए था। इसी दौरान हाईवा क्रमांक CG 04 LB 9345 वहां पहुंचा। वाहन खड़ा करने को लेकर दोनों चालकों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि हाईवा चालक ने ट्रक चालक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मारपीट के बाद ट्रक चालक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया। जांच में हाईवा चालक द्वारा मारपीट किए जाने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने बताया कि जांच में यह मामला हत्या की श्रेणी में नहीं बल्कि आपराधिक मानव वध का पाया गया। इसके आधार पर थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत धारा 105 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान देव कुमार साहु (37 वर्ष) निवासी ग्राम भूसरेंगा, पोस्ट बेलौदी, थाना रनचिरई, जिला बालोद के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और हाईवा वाहन क्रमांक CG 04 LB 9345 को जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार घटना का मुख्य कारण वाहन खड़ा करने को लेकर हुआ विवाद था, जिसने कुछ ही मिनटों में हिंसक रूप ले लिया।
