सड़क सुरक्षा पर सख्ती, एक सप्ताह में 74 मालवाहक वाहनों पर कार्रवाई

दुर्ग। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग ने जिलेभर में विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत ब्लैक स्पॉट और ग्रे स्पॉट क्षेत्रों में फिक्स चेकिंग पॉइंट बनाकर लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों के पालन को लेकर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

यातायात पुलिस के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन सुबह 6 बजे से विशेष चेकिंग की जा रही है। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व की जानकारी देकर यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। अभियान के तहत मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी ढोने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस ने बताया कि ऐसे वाहनों में यात्रियों के परिवहन से गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसी को देखते हुए पिछले एक सप्ताह के दौरान 74 मालवाहक वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

इसके अलावा ब्रेथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच भी की जा रही है। जांच में शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस का कहना है कि नशे की हालत में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है और इसे रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
