भिलाई में पुलिस का तड़के सघन अभियान, 22 संदिग्धों का सत्यापन और 4 बिना नंबर वाहन जब्त

67 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों की संयुक्त कार्रवाई, प्रेम नगर, स्टील नगर और संग्राम चौक में चला विशेष चेकिंग अभियान

भिलाई में पुलिस का तड़के सघन अभियान, 22 संदिग्धों का सत्यापन और 4 बिना नंबर वाहन जब्त

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने कानून व्यवस्था मजबूत करने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से वैशाली नगर थाना क्षेत्र में विशेष सघन चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से 8 बजे तक चले इस अभियान में 67 अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया तथा चार बिना नंबर के दोपहिया वाहनों को जब्त किया।

पुलिस के अनुसार नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी और डीएसपी आईयूसीएडब्ल्यू भारती मरकाम के नेतृत्व में कैम्प-1 स्थित प्रेम नगर, स्टील नगर और संग्राम चौक क्षेत्र में यह अभियान संचालित किया गया। अभियान में थाना वैशाली नगर, थाना दुर्ग, चौकी स्मृति नगर, थाना नेवई, थाना भिलाई भट्टी, थाना अजाक, एनटीएफ, यातायात पुलिस, एसीसीयू और रक्षित केंद्र दुर्ग की संयुक्त टीम शामिल रही।

कार्रवाई के दौरान 22 संदिग्ध व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लेकर उनकी पहचान और आपराधिक रिकॉर्ड का सत्यापन किया गया। साथ ही वारंट तामीली, फरार आरोपियों की तलाश और संदिग्ध गतिविधियों की जांच के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने जांच के दौरान बिना नंबर की चार संदिग्ध दोपहिया वाहनों को जब्त किया है। वाहनों के दस्तावेजों और स्वामित्व से संबंधित वैधानिक जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखना और अपराधों की रोकथाम करना है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि ऐसे विशेष चेकिंग और सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत की जा सके।