दो अलग-अलग मामलों में 78 पौवा देशी शराब जब्त

दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन विश्वास" के तहत चौकी नगपुरा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 78 पौवा देशी मदिरा मसाला और बिक्री की रकम जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 8,500 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 11 जून की रात मुखबिर से सूचना मिलने पर खुर्सीडीह क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई। पहली कार्रवाई खुर्सीडीह गौठान के पास की गई, जहां आरोपी गोपी पारधी (21) को अवैध रूप से शराब बेचते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से 35 पौवा देशी मदिरा मसाला, जिसकी कीमत 3,500 रुपये है, तथा 200 रुपये बिक्री रकम बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 543/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज किया गया।

दूसरी कार्रवाई पारधीपारा खुर्सीडीह में की गई। यहां पुलिस ने मानसी पारधी (30) को अवैध शराब बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 43 पौवा देशी मदिरा मसाला, जिसकी कीमत 4,550 रुपये है, और 250 रुपये बिक्री रकम जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 544/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी अवैध रूप से शराब का संग्रहण और बिक्री कर आर्थिक लाभ कमा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
