स्कूल खुलने से पहले प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और सुविधाओं पर कलेक्टर की सख्ती

प्राचार्यों की बैठक में निर्देश, स्कूल बसों की जांच से लेकर फायर मॉकड्रिल तक होगी अनिवार्य व्यवस्था

स्कूल खुलने से पहले प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और सुविधाओं पर कलेक्टर की सख्ती

दुर्ग। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले जिला प्रशासन ने सरकारी और निजी स्कूलों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। शंकराचार्य कॉलेज ऑफ नर्सिंग, हुडको भिलाई में आयोजित बैठक में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्कूल खुलने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता, स्कूल परिसरों की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, वॉटर फिल्टर, गणवेश एवं साइकिल वितरण की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जर्जर भवनों को सुरक्षित तरीके से हटाने और मरम्मत योग्य भवनों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर देते हुए स्कूल बसों की नियमित जांच, चालकों की निगरानी और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात कही। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की।

बैठक में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने स्कूल प्रबंधन को अभिभावकों की सहमति लेकर अधिक से अधिक बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह टीका सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में प्रभावी है और केवल एक बार लगाया जाएगा।

जिले में विद्यार्थियों के बायोमेट्रिक अपडेट की समीक्षा करते हुए बताया गया कि 96 प्रतिशत बच्चों का अपडेट कार्य पूरा हो चुका है। शेष विद्यार्थियों के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे और सितंबर तक शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

फायर सेफ्टी मॉकड्रिल होगी अनिवार्य

जिला अग्निशमन अधिकारी ने सभी विद्यालयों में फायर सेफ्टी मॉकड्रिल आयोजित करने और अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि आपात स्थिति में बच्चों की सुरक्षित निकासी और बचाव के लिए स्कूलों को पूरी तरह तैयार रहना होगा। बैठक में बड़ी संख्या में स्कूल प्राचार्य, प्रबंधक और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।