टैगोर जयंती पर सजेगा सांस्कृतिक रंगमंच, 16 मई को होगा भव्य आयोजन, ‘भानुसिंहेर पदावली’ बनेगी मुख्य आकर्षण

भिलाई। विश्वकवि रविद्रनाथ टैगोरकी की 165वीं जयंती के अवसर पर रिसाली स्थित हिंदू मिलन मंदिर रिसाली में 16 मई 2026 को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। संध्या 7 बजे शुरू होने वाले इस आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें समिति पदाधिकारी, वरिष्ठ नागरिक और साहित्य एवं संस्कृति प्रेमी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए विभिन्न समितियों का गठन किया गया और जिम्मेदारियां सौंपी गईं। वक्ताओं ने कहा कि गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर भारतीय साहित्य, संस्कृति और मानवता के अद्वितीय प्रतीक हैं। उनकी रचनाएं आज भी समाज को नई दिशा देती हैं और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करती हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, टैगोर के तैलचित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर किया जाएगा। इसके बाद काव्य पाठ, गीत-संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दौर चलेगा।

आयोजन का मुख्य आकर्षण टैगोर की कालजयी रचना ‘भानुसिंहेर पदावली’ पर आधारित संगीतमय नृत्य-नाटिका होगी। इसमें राधा-कृष्ण के दिव्य प्रेम, विरह, मिलन, भक्ति और प्रकृति-सौंदर्य को गीत, संगीत और नृत्य के माध्यम से मंचित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार प्रस्तुति दर्शकों को भाव-विभोर कर देगी।

कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक के रूप में स्वामी शिवरूपानंदजी, मुख्य अतिथि के रूप में पवन कुमार तथा विशेष अतिथि के रूप में प्रबीर सरकार उपस्थित रहेंगे। वहीं प्रणब सेनगुप्ता, शक्तिपद चक्रवर्ती, गोपाल सामंतो और अनिल कुमार सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मंदिर के सचिव सुभाष साहा और सांस्कृतिक सचिव श्रौती साहा घोष के निर्देशन में कलाकारों की संयुक्त टीम पिछले तीन महीनों से प्रस्तुति की तैयारी में जुटी हुई है। समिति ने क्षेत्रवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।