दिनदहाड़े बड़ी लूट, तलवार के दम पर 1 करोड़ के जेवर ले उड़े बदमाश

खरोरा में ज्वेलर्स के मैनेजर पर हमला, हालत गंभीर… पुलिस ने घेराबंदी तेज की

दिनदहाड़े बड़ी लूट, तलवार के दम पर 1 करोड़ के जेवर ले उड़े बदमाश

रायपुर: राजधानी के खरोरा इलाके में लूट की बड़ी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विनायक ज्वेलर्स के मैनेजर पर बाइक सवार बदमाशों ने तलवार से हमला कर करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए और फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, ज्वेलर विनीत जैन का मैनेजर दुकान बंद करने के बाद तिल्दाडीह से खरोरा लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में 2 से 3 बदमाशों ने उसे रोक लिया और अचानक तलवार से हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि मैनेजर संभल भी नहीं पाया। बदमाश गहनों से भरा बैग छीनकर मौके से भाग निकले।

घायल मैनेजर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी है और आसपास के रास्तों पर चेकिंग बढ़ा दी गई है। शुरुआती जांच में यह साफ है कि वारदात पूरी प्लानिंग के साथ की गई। पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।