67 वाहनों पर कार्रवाई, बुलेट के मॉडिफाइड साइलेंसर भी जब्त

दुर्ग। शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए यातायात पुलिस ने एक बार फिर सख्ती दिखाई है। नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ चलाए गए अभियान में 67 वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई की गई। साथ ही मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले 4 बुलेट चालकों पर भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

रात के समय पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख बाजार इलाकों में व्यापक निरीक्षण किया। आकाश गंगा मार्केट, दक्षिण गंगोत्री, सुपेला मार्केट और पावर हाउस मार्केट में पहुंचकर हालात का जायजा लिया गया। इस दौरान दुकानों के बाहर रखे सामान, बोर्ड और सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश मौके पर ही दिए गए।

यातायात पुलिस ने साफ किया है कि सड़क पर किसी भी तरह की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दुकानदारों को अपनी दुकानों के सामने अतिक्रमण नहीं करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए खुद निगरानी करने को कहा गया है। इसके अलावा दोपहिया वाहन चालकों को निर्धारित सफेद पट्टी के भीतर ही वाहन खड़ा करने की हिदायत दी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर नियमित और सख्त कार्रवाई जारी रखी जाए, ताकि शहर में यातायात सुचारू बना रहे।

