दुर्ग-भिलाई में ED की रेड, भाजपा नेता के ठिकानों पर जांच

दुर्ग-भिलाई में ED की रेड, भाजपा नेता के ठिकानों पर जांच

भिलाई। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दुर्ग और भिलाई में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर छापेमारी की है। दुर्ग में ‘अमर इंफ्रा’ के संचालक और भाजपा नेता चतुर्भुज राठी के निवास और दफ्तर पर टीम ने दबिश दी, जहां उनके विभिन्न फर्मों से जुड़े वित्तीय दस्तावेजों और निवेश रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक राठी से जुड़ी आधा दर्जन कंपनियों के लेन-देन और प्रोजेक्ट्स की जानकारी खंगाली जा रही है। इनमें अमर इंफ्रास्ट्रक्चर (अमर बिल्डकॉन), अमर महाबीर कोल माइंस, अमर प्राइवेट लिमिटेड और टार कारपेट प्राइवेट लिमिटेड जैसी कंपनियां शामिल हैं। इन कंपनियों का काम सड़क और पुल निर्माण, शॉपिंग मॉल प्रोजेक्ट्स और कोयला खनन से जुड़ा बताया जाता है।

वहीं गोविन्द मंडल के एफ ब्लॉक विट्ठल पुरम भिलाई 3 के घर और फैक्ट्री में भी ED की टीम ने जांच की है। दोनों स्थानों पर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल जारी है।

चतुर्भुज राठी भाजपा के सक्रिय नेताओं में गिने जाते हैं। विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान उनके चुनाव लड़ने की चर्चाएं रही थीं। इससे पहले लोकसभा चुनाव 2024 के समय आयकर विभाग (IT) ने भी उनके ठिकानों पर छापेमारी की थी।