ऑनलाइन IPL सट्टा नेटवर्क का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

ऑनलाइन IPL सट्टा नेटवर्क का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। जिले में जुआ और सट्टा के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने ऑनलाइन IPL सट्टा नेटवर्क पर एक और बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का दावा है कि मोबाइल ऐप और UPI के जरिए चल रहे हाईटेक सट्टा नेटवर्क को तोड़ा गया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत जिलेभर में लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मनमोहन पटेल उर्फ छोटू (43 वर्ष), निवासी बनियापारा को गिरफ्तार किया। मामला उस समय सामने आया जब पुलिस को गांधी मैदान के पास सूचना मिली कि आमातालाब रोड स्थित यादव भवन के पास एक व्यक्ति मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा चला रहा है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले से गिरफ्तार मुख्य आरोपी शंकर मंगलानी द्वारा दी गई आईडी के जरिए GOLDENEXCH.COM प्लेटफॉर्म पर IPL मैच में हार-जीत का दांव लगवा रहा था। आरोपी ग्राहकों को आईडी-पासवर्ड देता था और UPI के जरिए पैसे का लेन-देन करता था।

ऐसे चलता था सट्टा नेटवर्क:

  • मोबाइल ऐप और वेबसाइट के जरिए सट्टा संचालन
  • ग्राहकों को आईडी-पासवर्ड उपलब्ध कराना
  • QR कोड और UPI से पैसे का लेन-देन
  • नए लोगों को जोड़ने पर कमीशन लेना

जांच में सामने आया कि आरोपी का सीधा संपर्क शंकर मंगलानी से था, जो पूरे नेटवर्क का संचालन करता था और लोगों को सट्टा खेलने के लिए आईडी उपलब्ध कराता था।

बरामदगी:

  • OPPO F15 मोबाइल फोन (कीमत करीब ₹10,000), जिससे सट्टा संचालित किया जा रहा था

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।