देर रात बारात में डीजे बजाना पड़ा भारी, पुलिस ने डीजे और पिकअप किया जब्त

देर रात बारात में डीजे बजाना पड़ा भारी, पुलिस ने डीजे और पिकअप किया जब्त

बलरामपुर। देर रात बारात में तेज आवाज में डीजे बजाना संचालकों को भारी पड़ गया। कोतवाली बलरामपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डीजे सिस्टम और पिकअप वाहन जब्त कर लिया है।

मामला जुड़निया पारा का है, जहां श्यामाचरण यादव के घर राजपुर क्षेत्र से बारात आई हुई थी। इस दौरान चंद्र कुमार रजक और जय कुमार रजक बिना किसी वैध अनुमति के रात करीब 11:30 बजे डीजे बजाते पाए गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में पाया कि डीजे संचालन कोलाहल अधिनियम का उल्लंघन कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर इस्तेमाल हो रहे डीजे सिस्टम और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोलाहल अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।