ग्रे स्पॉट चौकों पर एक्शन, सड़क सुरक्षा बढ़ाने ट्रैफिक पुलिस-PWD का संयुक्त निरीक्षण

भिलाई। शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए यातायात पुलिस और लोक निर्माण विभाग (PWD) ने ग्रे स्पॉट चिन्हित चौकों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अवन्ति बाई चौक और सूर्या मॉल चौक पर सुरक्षा सुधार के लिए कई अहम निर्देश जारी किए गए।

निरीक्षण में अवन्ति बाई चौक पर रोटरी का आकार कम करने, चारों दिशाओं में रम्बल स्ट्रिप्स बनाने, अवैध अतिक्रमण हटाने, हाई मास्क लाइट लगाने और चेतावनी संकेतक बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

वहीं सूर्या मॉल चौक पर सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर को हटाकर लेफ्ट टर्न को आसान बनाने, ट्रैफिक सिग्नल की नियमित मॉनिटरिंग, नाली को ढककर सड़क चौड़ीकरण करने और रम्बल स्ट्रिप्स बनाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने साफ कहा है कि इन दोनों चौकों पर सभी सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरे किए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के साथ यातायात को सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।


