एलपीजी के दाम फिर बढ़े…बाहर खाना अब और पड़ेगा भारी

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच एक बार फिर गैस की कीमतों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सरकारी तेल कंपनियों ने बुधवार को 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 195 रुपये 50 पैसे की बढ़ोतरी कर दी है। अब सवाल ये है कि आखिर इसका असर किस पर पड़ेगा? सीधा जवाब है होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबार। यानी बाहर खाना और कई सेवाएं महंगी हो सकती हैं।

नई दरों के बाद दिल्ली में 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 2,078 रुपये 50 पैसे का हो गया है। इससे पहले एक मार्च को भी 114 रुपये 50 पैसे की बढ़ोतरी हुई थी। लगातार बढ़ती कीमतें ये इशारा कर रही हैं कि आने वाले दिनों में महंगाई का दबाव और बढ़ सकता है। हालांकि राहत की बात ये है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है।

14.2 किलो वाला सिलेंडर फिलहाल दिल्ली में 913 रुपये पर ही बना हुआ है। लेकिन बड़ा सवाल यही है क्या कमर्शियल सिलेंडर की बढ़ती कीमतें धीरे-धीरे आम आदमी की रसोई तक असर नहीं डालेंगी? और अगर अंतरराष्ट्रीय हालात ऐसे ही बने रहे, तो क्या आने वाले दिनों में घरेलू गैस भी महंगी हो सकती है? फिलहाल जवाब साफ नहीं है, लेकिन हालात संकेत जरूर दे रहे हैं कि राहत ज्यादा दिनों की नहीं लगती।
