भिलाई नगर में सट्टा पर पुलिस का शिकंजा, 4 आरोपी गिरफ्तार, नकदी सहित 43 हजार का सामान जब्त

भिलाई। भिलाई नगर थाना क्षेत्र में अवैध सट्टा संचालन के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने सेक्टर-05 इलाके में रेड कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस को 23 मार्च को सूचना मिली थी कि सेक्टर-05, क्रॉस स्ट्रीट-4 स्थित मंच के पास अवैध रूप से सट्टा पट्टी लिखी जा रही है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान चारों आरोपी सट्टा लिखते पकड़े गए।

पकड़े गए आरोपियों में संजय सेनापति (45), संतोष कुमार चौहान (49), दिनेश कुमार (56) और मनीष (48) शामिल हैं, जो भिलाई के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगद राशि, विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन समेत कुल करीब 43 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।

चारों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अवैध आर्थिक लाभ के लिए सट्टा संचालन कर रहे थे। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है और मामले की जांच की जा रही है।
