दुर्ग में ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर बड़ा रैकेट पकड़ाया, म्यूल अकाउंट गिरोह के 11 आरोपी गिरफ्तार



दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग के जरिए अवैध लेन-देन करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पदमनाभपुर और मोहन नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी म्यूल अकाउंट के माध्यम से ऑनलाइन गेमिंग में अवैध ट्रांजैक्शन कर रहे थे। इसके लिए वे लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते, एटीएम कार्ड और जरूरी दस्तावेज अपने पास रख लेते थे और उनका दुरुपयोग करते थे।

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब भिलाई के हुडको निवासी अविनाश दुबे ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तकनीकी जांच और बैंक खातों की पड़ताल शुरू की, जिसमें म्यूल अकाउंट धारकों की पहचान हुई।
जांच के बाद पदमनाभपुर और मोहन नगर पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सभी 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 8 मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों की जांच में जुटी है।
आरोपी का नाम :
1. सूरज महतो, उम्र 22 वर्ष, निवासी रेलवे कॉलोनी भिलाई नगर
2. रूपेश यादव, उम्र 29 वर्ष, निवासी रेलवे कॉलोनी भिलाई नगर
3. दीपक विश्वकर्मा, उम्र 27 वर्ष, निवासी न्यू कृष्णा नगर सुपेला
4. मिथलेश यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी मॉडल टाउन नेहरू नगर
5. इसाब मेहत्तर, उम्र 20 वर्ष, निवासी सिद्धार्थ नगर दुर्ग
6. वेद प्रकाश ठाकुर, उम्र 44 वर्ष, निवासी नया आमापारा मोहन नगर दुर्ग
7. सुरेन्द्र यादव, उम्र 25 वर्ष, निवासी कादम्बरी नगर दुर्ग
8. साहिल मेश्राम, उम्र 28 वर्ष, निवासी कैम्प-01 वृंदा नगर भिलाई

9. प्रशांत लाउत्रे, उम्र 23 वर्ष, निवासी राम नगर सुपेला
10. भूपेन्द्र सोनी, उम्र 43 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड कोहका
11. रंजीत कौर, उम्र 37 वर्ष, निवासी पंजाबी मोहल्ला खुर्सीपार