तीर्थराज देवी निकुंभला मंदिर, जय शक्ति आश्रम में दुर्गा महायज्ञ का भव्य शुभारंभ: चैत नवरात्रि पर गूंजे जयकारे, दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु










दुर्ग। जिले के निकुम गांव स्थित तीर्थराज देवी निकुंभला मंदिर, जय शक्ति आश्रम में चैत नवरात्रि के पावन अवसर पर दुर्गा महायज्ञ का भव्य शुभारंभ 19 मार्च को हुआ। यह धार्मिक आयोजन 27 मार्च तक चलेगा, जिसमें हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी देखने को मिल रही है। महायज्ञ के पहले दिन बुधवार को मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में रंग गया।

आरती जय जननी जय जय मां के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। बड़ी संख्या में भक्तजन इस आयोजन में शामिल होने पहुंचे। आयोजन के तहत माता जी के सान्निध्य में विधि-विधान से हवन और पूजन संपन्न कराया गया। श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ यज्ञ में आहुति देकर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। आयोजन समिति के अनुसार, महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नित्य आहुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही पूरे आयोजन में लगातार धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-अर्चना और आरती का क्रम चलता रहेगा।

तत्व तत्व से बनेगा तीर्थराज देवी निकुंभला धाम, एक दिन सारे जगत में होगा छत्तीसगढ़ का नाम इसी संकल्प के साथ इस आयोजन को आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों का मानना है कि यह धाम भविष्य में प्रदेश की धार्मिक पहचान को नई ऊंचाई देगा। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में यहां श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है, जिससे यह महायज्ञ क्षेत्र का एक प्रमुख धार्मिक आकर्षण बन गया है।
