दुर्ग गैंगरेप केस: दो फरार आरोपियों ने किया सरेंडर, कार और मोबाइल जब्त, सभी 7 आरोपी जेल में

दुर्ग गैंगरेप केस: दो फरार आरोपियों ने किया सरेंडर, कार और मोबाइल जब्त, सभी 7 आरोपी जेल में

दुर्ग जिले में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दो फरार आरोपियों ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अब तक इस केस में कुल सात आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।

यह मामला महिला थाना, दुर्ग में दर्ज अपराध क्रमांक 10/2026 से जुड़ा है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता, आईपीसी की गंभीर धाराओं, पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज है।

13 फरवरी को फरार आरोपी भीमनारायण पांडे और संजय पंडित ने न्यायालय में सरेंडर किया। कोर्ट की अनुमति के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर दो दिन की रिमांड पर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कार CG-07-AU-3526 और इंडिगो कार CG-07-AT-7047 जब्त की गई। साथ ही दो मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए गए हैं।

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में दुर्ग और उतई स्थित रेस्ट हाउस समेत संबंधित स्थानों का दोबारा निरीक्षण किया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद 15 फरवरी को दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल दाखिल कर दिया गया।

इस मामले में पहले ही पांच अन्य आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके थे। पुलिस का कहना है कि विवेचना अभी जारी है और इलेक्ट्रॉनिक व दस्तावेजी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

महिला थाना और एसीसीयू की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार दबिश के जरिए यह कार्रवाई की है।