मवेशियों को बुचड़खाने ले जाते तस्कर गिरफ्तार, वाहन स्वामी सहित दो आरोपी भेजे गए जेल

मवेशियों को बुचड़खाने ले जाते तस्कर गिरफ्तार, वाहन स्वामी सहित दो आरोपी भेजे गए जेल

बलरामपुर। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी बरियों पुलिस ने मवेशी तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए वाहन स्वामी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 20 मई 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम आरा के कुछ लोग झारखंड के तस्करों से मिलकर मवेशियों को बुचड़खाने ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर चौकी प्रभारी की टीम ग्राम आरा सरनापारा पहुंची। गागर नदी किनारे जंगल के पास एक सफेद पिकअप क्रमांक JH-03-AM-4025 खड़ी मिली, जिसमें कुछ लोग मवेशी लोड कर रहे थे। पुलिस को देखकर आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए।

वाहन की तलाशी में चार मवेशी मिले, जिनके पैर और मुंह बांधे गए थे। ग्रामीणों की मदद से उन्हें खोला गया। मौके से पिकअप और मवेशियों को जब्त किया गया। जांच के दौरान चालक तहकीक अंसारी, निवासी मानपुर थाना रंका जिला गढ़वा (झारखंड) को 24 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

विवेचना में सामने आया कि पिकअप वाहन के स्वामी त्रिवेणी प्रजापति ने 19 मई 2025 को आबीद मियां के कहने पर वाहन मवेशी परिवहन के लिए भेजा था। मुखबिर सूचना के आधार पर उसे भी तलब कर पूछताछ की गई। आरोप की पुष्टि होने पर 13 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने मामले में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।