ओडिशा से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था धान, 400 बोरा समेत ट्रक जब्त

ओडिशा से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था धान, 400 बोरा समेत ट्रक जब्त

गरियाबंद। धान खरीदी सीजन शुरू होने से पहले ही ओडिशा की सीमा से लगे इलाकों में बिचौलियों की हलचल बढ़ गई है। ओडिशा से सस्ता धान लाकर समर्थन मूल्य में बेचने की तैयारी शुरू हो चुकी है।

बीती रात देवभोग तहसीलदार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नवरंगपुर जिले की ओर से आ रहे एक ट्रक को पकड़ा, जिसमें 400 से ज्यादा बोरा धान भरा हुआ था। ट्रक चालक कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका, जिसके बाद वाहन को जब्त कर लिया गया। 

जानकारी के मुताबिक, सीमावर्ती इलाकों में यह ट्रक लगातार धान डंप कर रहा था। प्रशासन को शक था कि इस धान को स्थानीय किसानों के नाम पर खरीदी केंद्रों में खपाने की तैयारी की जा रही है। दरअसल, गरियाबंद जिले के खेतों में प्रति एकड़ औसतन 10 से 12 क्विंटल तक ही पैदावार होती है, जबकि सरकार 20 क्विंटल तक खरीदी करती है। इसी अंतर को भरने के लिए कुछ किसान और बिचौलिए ओडिशा से धान मंगवाकर गुपचुप भंडारण करते हैं।

ओडिशा में धान की बंपर पैदावार और सस्ते दाम के चलते यह सौदा बिचौलियों के लिए फायदे का सौदा बन जाता है। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।