ओयो होटल के नाम पर महिला करती थीं संदिग्ध कारोबार, नगर निगम ने मकान को किया सील

बिलासपुर। शहर के सरकंडा क्षेत्र में ओयो होटल की आड़ में चल रहे संदिग्ध कारोबार का खुलासा हुआ है। बहतराई रोड स्थित एक आवासीय मकान में बिना अनुमति होटल चलाए जाने पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मकान को सील कर दिया।
जानकारी के अनुसार इस मकान में गायत्री केडिया नाम की महिला द्वारा ओयो होटल का संचालन किया जा रहा था। मोहल्लेवासियों ने इसकी शिकायत जिला प्रशासन और नगर निगम से की थी। लोगों का आरोप था कि इस मकान में रोजाना संदिग्ध लोगों की आवाजाही रहती है और यहां अशोभनीय गतिविधियां होती हैं, जिससे आसपास के रहवासियों को काफी परेशानी हो रही थी।
स्थानीय लोगों ने कई बार होटल बंद कराने की कोशिश भी की, लेकिन संचालक ने कोई ध्यान नहीं दिया। मजबूरन निवासियों ने लिखित शिकायत दी, जिसके बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। अतिक्रमण विरोधी दस्ता प्रभारी प्रमिल शर्मा और शिव जायसवाल ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में यह पुष्टि हुई कि मकान पूरी तरह आवासीय है और वहां ओयो होटल का संचालन अवैध तरीके से किया जा रहा था। इसके बाद निगम की टीम ने मौके पर ही मकान को सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि शहर में आवासीय परिसरों में होटल या व्यावसायिक गतिविधि करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय लोगों ने नगर निगम की इस कार्रवाई पर राहत जताते हुए कहा कि अब क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगेगी और माहौल सामान्य रहेगा।