बुजुर्ग ने पत्नी की याद में दी जान: जहां हुआ था पत्नी का अंतिम संस्कार उसी श्मशान में लगाई फांसी

बुजुर्ग ने पत्नी की याद में दी जान: जहां हुआ था पत्नी का अंतिम संस्कार उसी श्मशान में लगाई फांसी

बलरामपुर। अपनी पत्नी की मौत के गम में एक बुजुर्ग ने उसी मरघट में जाकर फांसी लगा ली, जहां कुछ सप्ताह पहले उसकी पत्नी का अंतिम संस्कार किया गया था। पत्नी की जुदाई का गम वह सहन नहीं कर सका और गहरे सदमे में डूबकर मौत को गले लगा लिया। मामला राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कौडू का है। घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई करते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में जुटी हुई है। 

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 70 वर्षीय दुखराम नगेसिया के रूप में हुई है। करीब एक माह पहले उसकी पत्नी मुन्नी बाई की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद से ही दुखराम मानसिक रूप से बेहद टूट चुका था और अक्सर अकेले बैठकर उसे याद करता रहता था। बताया जाता है कि दुखराम बीते 24 घंटे से घर से लापता था। परिजनों ने जब उसकी खोजबीन शुरू की, तो गांव के पास स्थित मरघट में एक पेड़ से उसकी लाश फंदे से लटकती मिली। यह वही स्थान था जहां कुछ दिनों पहले उसकी पत्नी का अंतिम संस्कार हुआ था।