इस मंदिर में करंट फैलने से मची अफरातफरी, तीन लोगों की मौत, 37 घायल, कई गंभीर

बाराबंकी। सोमवार अल सुबह करीब 3 बजे औसानेश्वर मंदिर में बिजली का करंट फैलने से भगदड़ मच गई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, वहीं 37 लोग घायल हैं। इनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि औसानेश्वर मंदिर के आसपास बड़ी संख्या में बंदर रहते हैं। इन्हीं बंदरों के भागने से तार टूटकर टिन शेड पर गिर गया था।
जानकारी के अनुसार रात 12 बजे से ही हैदरगढ़ स्थित औसानेश्वर मंदिर में भक्त जलाभिषेक के लिए कतारबद्ध थे। 3 बजे धूप-छांव से बचाने के लिए लगाए गए टिन शेड पर एक तार टूटकर गिर गया, जिससे करंट फैल गया और भगदड़ मच गई। लोग एक-दूसरे को धक्का देकर भागने लगे। हादसे में कई लोग गिरकर दब गए। त्रिवेदीगंज के मुबारकपुर निवासी 22 वर्षीय प्रशांत व एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। 37 लोग घायल हैं, जिनका इलाज हैदरगढ़ और त्रिवेदीगंज सीएचसी पर चल रहा है। वहीं, रायबरेली के मझीसा निवासी अर्जुन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना की सूचना पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने घटनास्थल का जायजा लिया और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए।