रबिन्द्र निकेतन कालीबाड़ी में 40वां दुर्गोत्सव, सप्तमी को उमड़े श्रद्धालु












भिलाई। रवींद्र निकेतन कालीबाड़ी, हुडको में शारदीय दुर्गोत्सव पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष आयोजन का 40वां वर्ष है। 17 अक्टूबर को सप्तमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
कालीबाड़ी में दुर्गोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-पाठ का सिलसिला जारी है। आयोजन समिति की ओर से विभिन्न तिथियों पर पूजा और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। 19 अक्टूबर को महाष्टमी के अवसर पर विशेष पूजा, पुष्पांजलि, भोग, संधि पूजा और संध्या आरती का आयोजन होगा। 20 अक्टूबर को महानवमी पर पूजा-अर्चना के साथ हवन, भोग और प्रसाद वितरण किया जाएगा। 21 अक्टूबर को दशमी पूजा, पुष्पांजलि और अपराजिता पूजा के बाद सिंदूर दान की परंपरा निभाई जाएगी। इसके बाद मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। रवींद्र निकेतन कालीबाड़ी में 40 वर्षों से चली आ रही दुर्गा पूजा की परंपरा के तहत श्रद्धालु धार्मिक अनुष्ठानों में भाग ले रहे हैं।