भिलाई में 36 गैस सिलेंडर चोरी का खुलासा, मुख्य आरोपी समेत 8 गिरफ्तार

साक्षरता चौक के पास वाहन से चोरी हुए थे 36 भरे सिलेंडर; पुलिस ने 20 सिलेंडर और घटना में इस्तेमाल वाहन किया बरामद

भिलाई में 36 गैस सिलेंडर चोरी का खुलासा, मुख्य आरोपी समेत 8 गिरफ्तार

भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र में वाहन से चोरी हुए 36 घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी प्रमोद देवांगन समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 20 घरेलू गैस सिलेंडर तथा घटना में प्रयुक्त महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 18 सितंबर 2026 को साक्षरता चौक कैंप-01 के पास रायपुर से दुर्ग जाने वाली सर्विस रोड पर देशी शराब भट्ठी के पास खड़े महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस क्रमांक CG07CA8090 में 36 भरे हुए इंडेन घरेलू गैस सिलेंडर रखे थे। अज्ञात व्यक्ति ने वाहन से सभी सिलेंडर चोरी कर लिए। मामले में 19 सितंबर को वाहन चालक घनश्याम कुर्रे की रिपोर्ट पर थाना छावनी में अपराध क्रमांक 647/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर प्रमोद देवांगन की पहचान की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में प्रमोद ने घटना में शामिल होने की बात बताई। उसने बताया कि चोरी किए गए 36 सिलेंडरों में से 16 सिलेंडर जामुल के अहिवारा रोड स्थित जय अंबे शोरूम के पीछे छोड़ दिए गए थे, जबकि बाकी 20 सिलेंडर अलग-अलग लोगों को 2 हजार रुपए प्रति सिलेंडर के हिसाब से बेच दिए गए।

इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर 20 घरेलू एलपीजी सिलेंडर बरामद किए। वहीं मुख्य आरोपी की निशानदेही पर बैकुंठधाम दशहरा मैदान के पास से घटना में प्रयुक्त महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन और 5 सिलेंडर भी जब्त किए गए। पुलिस ने जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपए बताई है। मामले में पुलिस ने प्रमोद देवांगन, सुरेंद्र कुशवाहा, ओमप्रकाश वर्मा, गोपीचंद यादव, बुद्धसेन कुमार साहू, लता वर्मा, उर्वशी पटेल और तुकेश्वरी साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी के बाद कुछ सिलेंडरों को अलग स्थान पर छिपाया और बाकी सिलेंडरों को अलग-अलग लोगों को बेच दिया। पुलिस अब मामले में चोरी हुए शेष सिलेंडरों के संबंध में भी जांच कर रही है।

आरोपी का नाम

1. प्रमोद देवांगन, उम्र 24 वर्ष, निवासी जय अम्बे शोरूम के पीछे, अहिवारा रोड, जामुल, थाना जामुल, जिला दुर्ग, हाल शर्मा कॉलोनी, कैम्प-02, भिलाई, थाना छावनी, जिला दुर्ग।
2. सुरेन्द्र कुशवाहा, उम्र 29 वर्ष, निवासी मस्जिद के पास, जामुल, जिला दुर्ग।
3. ओमप्रकाश वर्मा, उम्र 34 वर्ष, निवासी शिवपुरी नहर पार, वार्ड क्रमांक 10, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
4. गोपीचंद यादव, उम्र 40 वर्ष, निवासी लक्ष्मीपारा, वार्ड क्रमांक 04, देना बैंक के पास, जामुल, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
5. बुद्धसेन कुमार साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी शिवपुरी, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
6. लता वर्मा, उम्र 46 वर्ष, निवासी लक्ष्मीपारा, हाई स्कूल के पास, भिलाई, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
7. उर्वशी पटेल, उम्र 35 वर्ष, निवासी रावण भांभा, वार्ड क्रमांक 05, जामुल, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
8. तुकेश्वरी साहू, उम्र 33 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 04, गणेश नगर, जामुल, थाना जामुल, जिला दुर्ग।