नाबालिग ने लगाई फांसी, कमरे में मृत मिली किशोरी

नाबालिग ने लगाई फांसी, कमरे में मृत मिली किशोरी

बलरामपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के दहेजवार में रविवार को एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर शव बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी।

जानकारी के मुताबिक, नाबालिग अपनी मां और दादा-दादी के साथ दहेजवार में किराए के मकान में रहती थी। रविवार को वह घर के एक कमरे में गई थी। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने और दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने आवाज देकर दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दादा-दादी ने खिड़की से कमरे के भीतर देखा, जहां किशोरी मृत अवस्था में मिली। परिजनों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खोलकर शव को बाहर निकाला और घटनास्थल की जांच की। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय मृतका की मां घर पर मौजूद नहीं थी। वह अपने ब्यूटी पार्लर में थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस परिजनों के बयान और घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।