दुर्ग जिले में फिर अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, 1600 किलो तैयार माल, 1600 किलो रॉ मटेरियल समेत तीन मशीनें जब्त

कचांदुर में किराए के गोदाम में चल रहा था अवैध कारोबार, खाद्य एवं औषधि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

दुर्ग जिले में फिर अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, 1600 किलो तैयार माल, 1600 किलो रॉ मटेरियल समेत तीन मशीनें जब्त

दुर्ग। दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध रूप से संचालित गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में तैयार गुटखा, कच्चा माल और उत्पादन में उपयोग की जा रही तीन मशीनें जब्त कर गोदाम को सील कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, गोदाम मालिक मो. मुस्तफा ने उत्तर प्रदेश निवासी शानु खान पिता शफीक खान को गोदाम किराए पर दिया था। दोनों के बीच बाकायदा किरायानामा भी किया गया था। पिछले 20 से 25 दिनों से गोदाम बंद होने और किसी प्रकार की गतिविधि नहीं होने पर वहां तैनात गार्ड को संदेह हुआ। गार्ड ने इसकी सूचना गोदाम मालिक मो. मुस्तफा को दी।

मो. मुस्तफा ने शानु खान से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन लगातार बंद मिला। संदेह बढ़ने पर उन्होंने इसकी सूचना जेवरा सिरसा चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को मामले से अवगत कराया।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी जितेन्द्र कुमार नेले और खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारद कोरडे की मौजूदगी में गोदाम की जांच की गई। जांच के दौरान गोदाम के भीतर अवैध गुटखा निर्माण का पूरा सेटअप मिला। टीम ने 1600 किलो तैयार गुटखा, 1600 किलो मिक्स सुपारी, एक कत्था पीसने की मशीन, एक इलायची पीसने की मशीन तथा एक गुटखा मिक्सिंग मशीन जब्त की।

कार्रवाई के बाद पूरे गोदाम को सील कर दिया गया है। पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम मामले की जांच कर रही है तथा फरार शानु खान की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।