दुर्ग नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, निविदा शर्तों का उल्लंघन करने वाले दो ठेकेदार एक साल के लिए ब्लैकलिस्ट

दुर्ग नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, निविदा शर्तों का उल्लंघन करने वाले दो ठेकेदार एक साल के लिए ब्लैकलिस्ट

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग ने निविदा शर्तों का पालन नहीं करने वाले दो ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें आगामी एक वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया है। महापौर अलका बाघमार और आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। निगम प्रशासन ने मेसर्स सिद्धार्थ कन्स्ट्रक्शन और शशांक सिंह बैंस को निगम की सभी निविदाओं में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया है। साथ ही उनकी जमा अमानत राशि राजसात कर संबंधित निविदाएं निरस्त कर दी गई हैं।

सिद्धार्थ कन्स्ट्रक्शन पर कार्रवाई

अधोसंरचना मद के अंतर्गत साइंस कॉलेज के बाजू केनाल रोड निर्माण कार्य के लिए मेसर्स सिद्धार्थ कन्स्ट्रक्शन की निविदा 10.99 प्रतिशत कम दर पर स्वीकृत की गई थी। निगम के अनुसार ठेकेदार को 4.37 लाख रुपये का एफडीआर जमा कर अनुबंध निष्पादित करना था, जिसके लिए कई बार पत्राचार भी किया गया। लेकिन पर्याप्त समय देने के बावजूद ठेकेदार ने न तो एफडीआर जमा किया और न ही अनुबंध निष्पादित करने के लिए उपस्थित हुआ। इसे निविदा शर्तों का उल्लंघन मानते हुए निगम ने 2.20 लाख रुपये की अमानत राशि राजसात कर निविदा निरस्त कर दी और फर्म को एक वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया।

शशांक सिंह बैंस भी ब्लैकलिस्ट

ठेकेदार शशांक सिंह बैंस ने वार्ड क्रमांक 22 में रेलवे लाइन के पास दुर्गा टेंट हाउस तक रोड निर्माण कार्य तथा वार्ड क्रमांक 60 में तालाब किनारे मेन रोड से मंच तक सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए क्रमशः 25.22 प्रतिशत और 21 प्रतिशत कम दर पर निविदाएं प्रस्तुत की थीं। दोनों कार्यों में नियमानुसार अंतर राशि का एफडीआर जमा करना था। विभाग द्वारा कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद ठेकेदार ने निर्धारित अवधि में एफडीआर जमा नहीं किया। इसके चलते निगम ने वार्ड 22 के कार्य में जमा 17,800 रुपये और वार्ड 60 के कार्य में जमा 23,500 रुपये की अमानत राशि राजसात कर ली। साथ ही दोनों निविदाएं निरस्त करते हुए शशांक सिंह बैंस को भी एक वर्ष के लिए निगम की सभी निविदाओं में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया गया।