भीषण गर्मी के बीच स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने की मांग, कांग्रेस नेता सौरभ दत्ता ने शिक्षा विभाग को लिखा पत्र
41-42 डिग्री तापमान में बच्चों और शिक्षकों के स्वास्थ्य पर खतरा बताया, मानसून आने तक या कम से कम एक सप्ताह और अवकाश बढ़ाने की अपील

भिलाई। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए भिलाई ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद सौरभ दत्ता ने छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग से प्रदेश के सभी स्कूलों की छुट्टियां कम से कम एक सप्ताह और बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों में बच्चों और शिक्षकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्कूल खोलने के निर्णय पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए। सौरभ दत्ता ने कहा कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। ऐसे में छोटे बच्चों का स्कूल आना-जाना और कक्षाओं में अध्ययन करना स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि गर्मी के कारण बच्चों के बीमार होने की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए स्कूलों को फिलहाल बंद रखा जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी और निजी विद्यालयों में कार्यरत अनेक शिक्षक-शिक्षिकाओं को लंबी दूरी तय कर स्कूल पहुंचना पड़ता है। भीषण गर्मी का असर उनके स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है। इसलिए केवल विद्यार्थियों ही नहीं बल्कि शिक्षकों के हितों को भी ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाना चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश के सभी स्कूलों में पर्याप्त पंखे, कूलर अथवा वातानुकूलित व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। कई विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है, जिससे गर्म मौसम में पढ़ाई करना कठिन हो जाता है। उन्होंने स्कूलों में पेयजल, पंखे और कूलर जैसी सुविधाओं की स्थिति की जांच कराने की भी मांग की।

सौरभ दत्ता ने शासन से अपील करते हुए कहा कि अच्छी बारिश होने और मौसम के अपेक्षाकृत ठंडा होने तक अथवा कम से कम एक सप्ताह के लिए स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाई जाएं। उन्होंने कहा कि यह निर्णय विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों के स्वास्थ्य हित में होगा।
