शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों की ठगी, सुपेला पुलिस ने आरोपी टोमन दास साहू को किया गिरफ्तार

भिलाई। शेयर मार्केट में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ दो अलग-अलग अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, टोमन दास साहू, निवासी हनुमान मंदिर, पुरानी बस्ती सुपेला, लोगों को शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक लाभ कमाने का प्रलोभन देता था। इसी झांसे में आकर रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर निवासी दीपक गाडगे (37 वर्ष) ने आरोपी को अलग-अलग किश्तों में करीब 23 लाख रुपये दिए। वहीं भीष्म महिलांग से 15 लाख रुपये और पापा राव (63 वर्ष), निवासी सेक्टर-6 भिलाई से करीब 10 लाख रुपये लेकर भी ठगी की गई। इसके अलावा अन्य लोगों से भी लाखों रुपये ऐंठने की जानकारी सामने आई है। पीड़ितों की शिकायत पर थाना सुपेला में आरोपी के खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए।

पुलिस ने जब्त किए कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सामान
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कार्यालय और घर पर दबिश देकर कई महत्वपूर्ण सामान जब्त किए हैं। इनमें एक कार, एक लैपटॉप, एक सीपीयू, एक कीबोर्ड, दो मॉनिटर, 10 चेकबुक, दो मोबाइल फोन, लेन-देन से संबंधित चार डायरी और 10 ट्रॉफियां शामिल हैं।
दो मामलों में दर्ज हुआ अपराध
सुपेला पुलिस ने आरोपी टोमन दास साहू के खिलाफ निम्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है:
- अपराध क्रमांक 766/2026 धारा 318(2), 318(4) बीएनएस
- अपराध क्रमांक 767/2026 धारा 318(2), 318(4) बीएनएस
