उर्स मेले से चोरी हुई ई-रिक्शा बरामद, बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। उर्स मेले से वर्ष 2024 में चोरी हुई ई-रिक्शा को सिटी कोतवाली पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने चोरी की ई-रिक्शा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला थाना सिटी कोतवाली दुर्ग क्षेत्र का है। प्रार्थी प्रताप गोस्वामी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 जून 2024 की रात वे अपने परिवार के साथ ई-रिक्शा क्रमांक CG 07 CQ 8647 से उर्स मेले पहुंचे थे। उन्होंने अपनी ई-रिक्शा कचहरी गेट के पास लॉक कर खड़ी की और परिवार के साथ मेला देखने चले गए।

करीब एक घंटे बाद लौटने पर ई-रिक्शा मौके से गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। लगातार पतासाजी के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक लाल रंग की ई-रिक्शा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम चाणक कुमार निवासी ग्राम बोरी नगपुरा और गोविन्द यादव निवासी सुपेला भिलाई बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने उर्स मेले के दौरान ई-रिक्शा चोरी करना कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 हजार रुपए कीमत की चोरी गई ई-रिक्शा बरामद कर जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
